आजमगढ़। पौधरोपण जन आंदोलन-2022 कार्यक्रम का मंगलवार को कंधरापुर में मंत्री उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग योगेंद्र उपाध्याय, सदर सांसद दिनेश लाल यादव ‘‘निरहुआ’’, नोडल अधिकारी आजमगढ़ अनिल कुमार द्वितीय, जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा शुभारंभ किया गया। पौधरोपण का उद्देश्य पूरे प्रदेश में प्रदेश सरकार द्वारा 35 करोड़ पौधे लगाना है। यह अभियान 5 जुलाई से 15 अगस्त तक चलाया जाएगा।
प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री के पौधरोपण के संकल्प को प्रत्येक दशा में पूरा करना है। उन्होंने महिलाओं से अनुरोध किया कि वृक्षारोपण जन आंदोलन में बड़ी भूमिका का निर्वहन करें। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्राचीन काल में ही ऋषि-मुनियों ने पेड़ पौधों के महत्व को जान लिया था, इसलिए इसे धर्म से जोड़ दिया था।
सदर सांसद दिनेश लाल यादव ‘‘निरहुआ’’ ने कहा कि अपने लिए एवं आने वाली पीढ़ी के लिए सभी जनपदवासी वृक्षारोपण जन आन्दोलन-2022 में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी लोग यहां से संकल्प लेकर जाएं कि एक पौधा अवश्य लगायेंगे। उन्होंने कहा कि किसान भाई अपने खेतों की मेड़ पर पौधा लगाकर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण जन आन्दोलन-2022 में सहयोगी बने।
नोडल अधिकारी अनिल कुमार द्वितीय ने कहा कि बेहतर वातावरण, अच्छी जलवायु एवं स्वच्छ ऑक्सीजन के लिए पेड़ लगाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम 5 पेड़ अवश्य लगाएं। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने कहा कि वृक्षारोपण जन आन्दोलन-2022 आज से प्रारंभ होकर 15 अगस्त तक चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जिले को दिए गए लक्ष्य को शत प्रतिशत हासिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप आज जनपद के विभिन्न स्थानों पर 45.5 लाख वृक्षारोपण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2022 तक लगभग 60 लाख वृक्षारोपण के निर्धारित लक्ष्य को सभी की सहभागिता से हासिल कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि इसी प्रकार प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के अंतर्गत जनपद के प्रत्येक गांव में अमृत सरोवर भी बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप जन सहभागिता सुनिश्चित करते हुए लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ण किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, डीएफओ जीडी मिश्र, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम जनमानस उपस्थित रहे।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पर चिकित्साधीक्षक द्वारा पौध रोपण किया गया वहीं ब्लाक परिसर में खण्ड बिकास अधिकारी बाबूराम पाल, गांवों में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी, मनरेगा मजदूर द्वारा बेल, आम, शीशम, सागौन, बरगद सहित फलदार पौधों का रोपण़ किया गया। कोतवाली परिसर में दीवान प्रदीप भारती, अंकित सिह, तबरेज सहित अन्य सिपाहियों ने पौध लगाया। वहीं थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने सागौन का पौधा लगा कर ईंट से घेरा बंदी किया।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार तरफकाजी गांव में 3 दिनों से लगातार अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। ग्राम प्रधान संजय चौहान ने बताया कि अब तक 1400 पौधों का रोपण किया जा चुका है। इस अवसर पर किशुन, धर्मेंद्र, संदीप, श्याम कुमार, अतुल, सुनील कुमार, रविंद्र, पिंकी, मुन्ना आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसी प्रकार देवगांव कोतवाली परिसर में पौधरोपण किया गया।