उत्कृष्ट अभियोजन कार्य के लिए अधिकारियों को मिला सम्मान

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में न्याय व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अभियोजन अधिकारियों को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण है।
जिला मजिस्ट्रेट द्वारा संयुक्त निदेशक अभियोजन कार्यालय आजमगढ़ में कार्यरत अभियोजन अधिकारी बिपिन चन्द्र भास्कर एवं सहायक अभियोजन अधिकारी प्रभाष रंजन गुप्ता को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें बीते एक वर्ष के दौरान एमपी/एमएलए न्यायालयों में सर्वाधिक 5 मामलों में दोषसिद्धि सुनिश्चित कराने तथा जनपद में कुल 90 मामलों में सजा दिलाने की उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए प्रदान किया गया।
इन दोनों अधिकारियों की कार्यकुशलता, विधिक दक्षता और अनुकरणीय सेवाभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान द्वारा भी इन्हें सम्मानित किया गया, जो उनकी उपलब्धियों की राज्य स्तर पर सराहना का प्रतीक है। इसी क्रम में संयुक्त निदेशक अभियोजन शमशाद हसन को भी अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में प्रभावशाली भूमिका निभाने के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *