आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के तहसीलों पर शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस पर अधिकारियों द्वारा जनता की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण किया गया। कुछ मामलों में संबंधित को त्वरित निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।
इसी क्रम में संपूर्ण समाधान तहसील दिवस पर शनिवार को जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज व पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा तहसील सदर में जनता की समस्याओं के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों की तत्काल, निष्पक्ष व न्यायोचित जांच कर विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर कुल 324 मामले आये, जिसमे से 33 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष 291 मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत करने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। प्राप्त मामलों में राजस्व विभाग के 250, पुलिस के 49, विकास के 13, शिक्षा के एक एवं अन्य के 11 मामले शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, एसडीएम सदर, तहसीलदार सदर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार