उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ मइया से मांगी मन्नतें

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। छठ महापर्व पर अर्घ्य देने के लिए छठ घाट पर सोमवार की भोर में ही महिलाएं पहुंची। उगते भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ सूर्यदेव की आराधना का चार दिवसीय छठ पूजा का महापर्व सम्पन्न हुआ। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाएं एवं दूर दूर से आये श्रद्धालु जलाशय एवं पोखरे के किनारे स्थित छठ घाटों पर सूर्याेदय के काफी पहले से पहुंच गये थेे।
छठ गीतों के साथ व्रती अपने घरों से मौसमी फलों एवं पूजन सामग्री से सजे सूपा एवं दऊरा, गन्ने के साथ निकलकर डीजे पर बज रहे गीतों के साथ छठ घाट पहुंचे। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े रहकर सूर्यदेव के उदित होने की प्रतीक्षा की, सूर्याेदय के साथ ही भगवान भास्कर को कच्चे दूध एवं जल का अर्घ्य दिया गया। सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद पूजन, हवन, आरती के साथ छठ माई का प्रसाद वितरण किया गया। इस प्रसाद को ग्रहण करने के लिए श्रद्धालु घंटों छठ घाट पर खड़े रहकर प्रतीक्षारत रहे।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय नगर के प्रमुख छठ घाट पूरब पोखरा व पश्चिमी पोखरा पर भगवान भाष्कर के उदित होने की प्रतीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं ने पटाखे फोड़कर उत्सव का आनंद भी उठाया। छठ पूजा के इस पर्व में सभी धर्मों के लोग भारी संख्या में सम्मिलित होकर कलियुग के प्रत्यक्ष देवता सूर्यदेव एवं छठ माई का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रसाद ग्रहण किया। सूर्य पूजन के उपरांत व्रती महिलाओं द्वारा अखण्ड सौभाग्य के प्रतीक सिंदूर को विवाहित महिलाओं की मांग में लगाया गया तथा श्रद्धालुओं को सिंदूर का टीका लगाया। प्रसाद ग्रहण करने घाट पर क्षेत्रीय विधायक, ब्लाक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि के साथ श्रद्धालु पहुंचे। वही प्रशासनिक दृष्टिकोण से प्रभारी निरीक्षक सविंद्र राय अपने दल बल के साथ घाट पर उपस्थित रहे और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली। ठंढ को देखते हुए नगर पंचायत की तरफ से श्रद्धालुओं को गरम चाय की भी व्यवस्था की गई थी।
तरवां प्रतिनिधि के अनुसार पल्हना विकास खंड के अवनी ग्राम सभा में उदंती नदी पर लोक आस्था का महापर्व धूमधाम से मनाया गया। सभी जगह पुलिस बल भी काफी सक्रिय रही और बराबर गश्त करती रही तथा लोगों को समझाती रही जिसमें नदी में छोटे बच्चों का गहरे पानी में नहाना भी वर्जित था। पकड़ी चौकी इंचार्ज अश्वनी मिश्रा के नेतृत्व में भी पुलिस चौकी के सभी सिपाही होमगार्ड और चौकीदार जगह-जगह गश्त करते हुए दिखाई दिए। इस मौके पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय तहसील क्षेत्र ेमें सोमवार की सुबह को छठ पर्व के अवसर पर नदी घाटों पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रतियों का जन सैलाब उमड़ पड़ा। सुरक्षा का जायजा लेने स्वयं सीआरओ विनय गुप्ता एवं एसडीएम निजामाबाद सन्त रंजन, फरिहा संजरपुर निजामाबाद दत्तात्रेय बड़ागांव सरायमीर आदि स्थानों पर पहुंचे। अर्घ्य देने वाली महिलाओं के साथ ही अन्य लोगों को घाट पर आने जाने में सुविधा हो और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त हो इसके लिए पुलिस की तरफ से पहले ही रूट डायवर्जन कर दिया गया था। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर महिला पुलिस कर्मियों के साथ ही एंटी रोमियो का विशेष दस्ता भी लगाया गया था।
रानी की सराय प्रतिनिधि के अनुसार उगते सूर्य को अर्घ्य देकर ब्रतियो ने डाला छठ का ब्रत पूरा किया।इस दौरान पूरी रात घाट पर सजावट के साथ गीत बजते रहे। घाटो पर स्वंयसेवी भी जहा डटे रहे वही चाय दूध का भी वितरण हुआ। डाला छठ पर्व पर ब्रतियो के साथ श्रद्धा रखने वाले भी कम नही है। रविवार की रात घाटो पर पूरी व्यवस्था करने में जहां श्रद्वावान लगे रहे वहीं भोर से ही चाय, दूध लेकर तैयार दिखे। रानी पोखरा, अवंतिकापुरी, शाहखजुरा, मझगावा, चडई आदि नदी तालाबों मे उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया। इस दौरान पोखरे पर मेले जैसी भीड रही।
इनसेट–
फोटो-02-राष्ट्रीय स्वयं सेवकांे द्वारा लगाया गया स्टाल
एनएसएस ने श्रद्धालुओं हेतु लगाया स्टाल
लालगंज (आजमगढ़)। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सेवा भारती द्वारा महापर्व डाला छठ पर हनुमानगढ़ी पोखरा के समीप स्टाल लगाकर सेवाभाव के तहत सभी श्रद्धालुओं को निःशुल्क चाय वितरण किया गया। सेवाभाव कार्यक्रम का शुभारंभ नगर प्रचारक सूर्य प्रभात की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ। जिला प्रचारक अवनीश ने कहा कि संघ का सेवा विभाग नर सेवा नारायण सेवा के नाते ही जाना जाता है, यह हमारे स्वयं सेवकों का छोटा सा प्रयास है। कार्यक्रम की जिम्मेदारी नगर शारीरिक प्रमुख प्रदुम्न ने संभाली। इस अवसर पर आरएसएस के जिला प्रचारक अवनीश, नगर प्रचारक सूर्यप्रभात, नगर सेवा प्रमुख दिव्यशीष, कपीश, रंजीत, अमित, आदित्य सहित अन्य स्वयं सेवक सेवा भाव में लगे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *