लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय संयोजक ओम प्रकाश सिंह ने ग्राम पंचायत कपसेठा के बूथ नंबर 345 पर बीएलओ-2 और भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मतदाता सूची में आई विसंगतियों पर चर्चा की गई।
ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि एसआईआर से पहले विधानसभा लालगंज के कपसेठा स्थित बूथ नंबर 345 पर कुल 1344 मतदाता दर्ज थे। एसआईआर के बाद इस बूथ को विभाजित कर बूथ नंबर 393 और 394 बनाए गए। बूथ नंबर 393 पर 594 और बूथ नंबर 394 पर 548 मतदाता दर्ज हैं। इस प्रकार कुल मतदाताओं की संख्या 1142 रह गई, यानी एसआईआर के बाद 202 मतदाता कम हो गए।
उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान इसी क्षेत्र में पहले कुल 1717 मतदाता थे, जबकि वर्तमान पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में यह संख्या बढ़कर 1804 हो गई है। आश्चर्य की बात यह है कि मतदाता बढ़ाने के लिए अब तक फॉर्म-6 मात्र तीन ही भरे गए हैं।
ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि एक ओर एसआईआर के बाद मतदाताओं की संख्या घट रही है, वहीं दूसरी ओर पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो गंभीर जांच का विषय है। उन्होंने इस समस्या पर एसडीएम लालगंज से ध्यान देने का आग्रह किया है। बैठक में दुर्गा सिंह, डॉ.गणेश सिंह और बीएलओ-2 अंकित सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद