लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कूबा पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के नए सत्र का भव्य उद्घाटन समारोह दीप प्रज्ज्वलन के साथ सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि कॉलेज के प्राचार्य अभिमन्यु यादव, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, साक्षरता अभियान और ग्रामीण विकास जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयं सेवकों को सेवा-भाव की शपथ दिलाई गई। साथ ही आगामी सत्र की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई, जिसमें स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, वृक्षारोपण अभियान, सड़क सुरक्षा जागरूकता और विभिन्न सामुदायिक सेवा गतिविधियों को प्राथमिकता देने की घोषणा की गई। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शैलेंद्र प्रताप रघुवंशी ने बताया कि इस सत्र में युवाओं के सर्वांगीण विकास के साथ समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में संचालक राणा प्रताप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद