अब सफर होगा सुरक्षित और सुगम

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज मार्ग पर पटवध सरैया के पास कयाड़ नदी पर बन रहा नया पुल अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। पुल की ढलाई का कार्य पूरा हो चुका है और अप्रोच रोड का निर्माण तेजी से चल रहा है। जल्द ही इस पुल को आमजन के लिए खोलने की तैयारी है, जिससे क्षेत्रवासियों को जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिलेगी।
इस स्थान पर पहले बना संकरा पुल लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ था। आए दिन जाम लगना और दुर्घटनाएं होना आम बात थी, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नए पुल के निर्माण से अब इन समस्याओं का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
जनप्रतिनिधियों के प्रयास से लोक निर्माण विभाग द्वारा इस पुल का निर्माण कार्य शुरू कराया गया। गाजीपुर निवासी ठेकेदार नोमान कमर को इसका जिम्मा दिया गया, जिन्होंने समयबद्ध तरीके से ढलाई का कार्य पूरा कराया।
निर्माण कार्य के दौरान गोपालपुर विधायक नफीस अहमद, संतोष पासवान सहित अन्य लोग मौके पर मौजूद रहे। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जेई विनोद यादव, एई और एक्सियन लगातार निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कार्य मानकों के अनुरूप किया जा रहा है और किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
पुल निर्माण को लेकर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि पुल के चालू होने के बाद आवागमन तेज, सुरक्षित और सुगम हो जाएगा, साथ ही समय की भी बचत होगी।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *