निजामाबाद आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील सभागार में बुधवार को शासन द्वारा मनोनीत निजामाबाद और सरायमीर नगर पंचायत के सभासदों को उपजिलाधिकारी निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह द्वारा पद व गोपनीयता की शपथ ग्रहण दिलायी गयी।
निजामाबाद नगर पंचायत से सविता गुप्ता, संजय सोनकर, विजय प्रजापति और सरायमीर नगर पंचायत से विजय कुमार प्रजापति, अमन गुप्ता, जितेन्द्र सोनकर को उपजिलाधिकारी द्वारा शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर निजामाबाद विधान सभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने माला फूल पहना कर स्वागत किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष लालगंज शेर बहादुर सिंह, डॉ.शैलेन्द्र नाथ यादव, भाजपा नेता प्रवीण सिंह, ईओ निजामाबाद विक्रम कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष निजामाबाद अलाउद्दीन, नगर पंचायत अध्यक्ष सरायमीर पप्पू पेजर आदि लोग उपस्थित थे।
मेंहनगर प्रतिनिधि के अनुसार शासन से मनोनीत सभासद सुधीर राय, फूलचंद सरोज, मंदीप सिंह को बुधवार को नगर पंचायत के सभागार में एसडीएम प्रशांत कुमार व तहसीलदार नवीन निश्चल त्रिपाठी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान चेयरमैन कौशिल्या रामबदन कन्नौजिया ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। भूमि विकास बैंक के चेयरमैन अरविंद सिंह, पूर्व विधायक कल्पनाथ पासवान, पूर्व चेयरमैन रामबदन कन्नौजिया, अशोक चौहान, भाजपा नेता योगेंद्र तिवारी, ओमप्रकाश सिंह, कृष्ण विहारी सिंह आदि ने मनोनीत सभासदों को मालफूल पहनाकर स्वागत किया।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार तहसील सभागार में एसडीएम अशोक कुमार की अध्यक्षता में माहुल और फूलपुर नगर पंचायत में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नामित सभासदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि उत्तरप्रदेश गन्ना विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ऋषिकांत राय और विशिष्ट अतिथि लालगंज के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव रहे।
शासन ने माहुल और फूलपुर नगर पंचायत में तीन-तीन सभासद नामित किया है। माहुल में सुजीत जायसवाल आंसू, विंदेश्वरी ठाकुर और शिवा शर्मा तथा फूलपुर नगर पंचायत में गोविंद यादव, अंगद सोनकर व कमला प्रजापति ने पद व गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर भाजपा लालगंज के जिला उपाध्यक्ष हनुमंत सिह, जिला मंत्री दिलीप सिंह, युवा मोर्चा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रानू राजभर, माहुल मंडल अध्यक्ष विमलेश पांडेय, पवई मंडल अध्यक्ष विजय सिंह, रत्नेश बिन्द, बद्री प्रसाद निषाद, नागेंद यादव, अभय सिंह, लालू, दुर्गेश अग्रहरि, आशीष बरनवाल और दोनों नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।
इनसेट—
समारोह में दुर्व्यवस्था पर बिफरे ऋषिकांत राय
फूलपुर (आजमगढ़)। शपथ ग्रहण समारोह में गन्ना विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ऋषिकांत राय पहुंचे तो वहां की दुर्व्यवस्था देख कर बिफर पड़े। यहां तक कि वहां पर मंच के पीछे शपथ ग्रहण समारोह का बैनर तक नहीं लगा था जिसे देख उन्होंने दोनों अधिशासी अधिकारी को जम कर फटकार लगाई और कहा कि जो भी सभासद हैं वे शासन से नामित हैं। इनके साथ यह दुर्व्यवहार अधिकारियों की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। बाद में भाजपा लालगंज के जिलामंत्री दिलीप सिंह अंग वस्त्र और फूलपुर नगर पंचायत के लिपिक रमेश श्रीवास्तव ने माला और पुष्पगुच्छ की व्यवस्था किया। तब जा कर इन सभासदों का स्वागत हुआ।