लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील के सराय गांव के चर्चित भोजपुरी संगीत कलाकार निशिकांत दुबे ने बीते 19 जुलाई को दूरदर्शन लखनऊ के स्टूडियो में आयोजित रिकार्डिंग और शूटिंग सत्र में अपने सुरों का ऐसा जादू बिखेरा कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो उठा। यह विशेष कार्यक्रम “लोक रंग सुरों के संग” का प्रसारण 13 व 14 सितम्बर को रात्रि 9 बजे दूरदर्शन उत्तर प्रदेश पर लाइव प्रसारित किया जाएगा।
लखनऊ दूरदर्शन उत्तर प्रदेश इस कार्यक्रम के माध्यम से एक बार फिर लोक संस्कृति और संगीत की रंगत से सराबोर हुआ है। दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे इस विशेष कार्यक्रम में आजमगढ़ जिले का गौरव, लालगंज के लाल और भोजपुरी सुरों के उस्ताद निशिकांत दुबे उर्फ़ ‘निशु बाबा’ ने अपनी अद्भुत गायकी से ऐसा समां बांधा कि श्रोता ताली बजाने पर मजबूर हो गए। उनकी स्वर लहरियों और सधे हुए सुरों ने कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया।
इस भव्य प्रस्तुति को साकार रूप देने में आत्मप्रकाश की प्रेरणा, ध्रुवचंद्र का सफल निर्देशन तथा शेखर और संजय दुबे के निरंतर प्रयास अहम साबित हुए। कार्यक्रम के इस अंक में अवधी, बुंदेली, ब्रज और भोजपुरी लोकधुनों का बेहतरीन संगम प्रस्तुत किया गया, जिसने उत्तर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को और जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन सीमा शाही और रजनीश त्रिवेदी “मिसाइल फूफा” की जोड़ी ने अपने सहज और मनोरंजक अंदाज से किया, जिससे पूरा माहौल जीवंत और मनमोहक बन गया। यह कार्यक्रम न केवल लोकगीतों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी लोक जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद