पांव पखार और लाल चुनरी ओढ़ाकर किया नौ कन्या पूजन

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वासंतिक नवरात्र के आखिरी दिन शुक्रवार को जहां घरों से लेकर मंदिरों तक में देवी मां की पूजा की गई, वहीं घरों से लेकर मंदिरों में परंपरानुसार नौ कन्या और एक बालक की पूजा की गई। इसके लिए एक दिन पहले ही कन्याओं और बालक को आमंत्रित कर दिया गया था। घर पहुंचने पर कहीं पांव पखारे गए, तो कहीं माथे पर तिलक और सिर पर चुनरी ओढ़ाकर आरती उतारी गई। उसके बाद किसी ने फलाहार कराया, तो कहीं पर हलवा, पूरी, खीर, सब्जी, पापड़ परोसा गया। कन्या पूजन के लिए महिलाओं के साथ पुरुषों में भी उत्साह देखा गया। भोजन के बाद उनके हाथ धुलवाए गए और उपहार स्वरूप मुद्रा देकर चरण स्पर्श कर विदाई दी गई। नौ कन्याओं के साथ कहीं हनुमान तो कहीं भैरव के रूप में बालक की पूजा की परंपरा रही है। कुछ लोग कहते हैं कि हनुमान जी के बिना कोई काम नहीं होता, तो कुछ लोगों की धारणा है कि भैरव की पूजा किए बिना देवी की पूजा पूरी नहीं मानी जाती है।
निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार रघुनाथपुर ग्राम सभा स्थित दुर्गा मंदिर पर नवरात्र के अंतिम दिन कन्या पूजन और उसके बाद सभी के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर के रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने वाले उमाकांत तिवारी की ओर से कन्या पूजन और भव्य भंडारे की व्यवस्था की गई थी। भंडारे में क्षेत्र के ग्राम प्रधान चनई यादव, रामसमुझ चौहान, संतोष सिंह, प्रिन्स तिवारी, पंकज तिवारी, विजय बहादुर तिवारी, शुभम दुबे, प्रमोद तिवारी, बीरेंद्र यादव, मनोज यादव, मनोज सिंह, बृजकिशोर यादव, अवनीश यादव, झीनकू सिंह आदि ने प्रसाद ग्रहण करने के साथ आयोजन में सहयोग किया। मुंबई रहने वाले गांव के उमाकांत तिवारी ने बताया कि नवरात्र में आकर नौ दिन पूजा और कन्या पूजन के बाद भंडारे से मां दुर्गा का स्नेह प्यार मिलता है।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार मई स्थित आत्म अनुसंधान आश्रम परिसर में रामनवमी के दिन देवी रूपी नौ कन्याओ का पाव पखार, चुनरी ओढ़ा कर, नारियल व वस्त्र देकर नौ कन्या का पूजन किया गया। सभी को भोजन कराकर आचार्य सर्वेश, राहुल उर्फ आशु, बीएन सिंह व शरद सिंह, दुर्ग विजय आदि ने मां नौ दुर्गा को चुनरी ओढा कर विदाई की। इस अवसर पर दिवाकर राय, आचार्य सर्वेश, धनन्जय उर्फ धन्जू, पिन्टू, सुबेदार, रामाशीष सिंह गुड्डू, भोला, सतोष पाठक, भूपेन्द सिंह उर्फ नीरज, ध्रुव सिंह, बलवत सिंह, जवाहिर, कृष्ण मुरारी, रमेश विश्वकर्मा, सुनील, अमित, अजय, निखिल, दयाराम, रामचेत उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र/मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *