अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मंगलवार की देर रात थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर निवासी रंजीत यादव 22 वर्ष पुत्र हरिराम यादव घर से गायब हुए अपने चाचा इंद्रजीत यादव को खोजने निकला था। काफी खोजबीन के बाद जब उनका कहीं पता नहीं चला तो थकहार कर वापस घर आ रहा था। भरौली के समीप ही गड्ढे में गिर जाने से घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डाक्टरों से उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था और घर पर ही रहकर खेतीबाड़ी का कार्य देखता था। इधर परिवार में कोहराम मचा ही था की सुबह ही चाचा इंद्रजीत यादव की मौत की सूचना से पूरा परिवार बिलख उठा।
इब्राहिमपुर गांव निवासी इंद्रजीत यादव 55 वर्ष पुत्र स्व..राम बहाल यादव विगत कई वर्षों से प्रत्येक मंगलवार को बाबा प्रथम देव (बहिरा देव) का दर्शन पूजन करने जाते थे। मंगलवार को घर से प्रथम देव स्थान पर सुबह दर्शन के लिए निकले थे लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की लेकिन उनका कही पता नहीं चला, तत्पश्चात परिजनों की तरफ से स्थानीय थाने पर गुमशुदगी की तहरीर दी गई। बुधवार की सुबह पोखरे की सीढ़ी पर कुछ कपड़े व एक साइकिल खड़ी होने पर लोगों को संदेह हुआ तो लोगों ने इसकी सूचना उनके घर वालों को दी। वहीं घर वाले स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दे दिए। मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने लोगों के सहयोग से पोखरे से शव को बाहर निकालवाया और मृतक की पहचान इंद्रजीत यादव के रूप में हुई। मृतक के पास दो बेटे अनिल यादव व आशीष यादव है तथा तीन लड़किया आरती, कमलावती, विमला है जिनकी शादी हो चुकी है। मृतक घर पर ही रहता था तथा खेती-बाड़ी का कार्य देखता था। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक कुछ मानसिक रूप से बीमार था जिनको मिर्गी आने की भी शिकायत थी। इस दुखद घटना से पत्नी मनभावती तथा पूरे परिवार का रो-रो का बुरा हाल है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद