स्मार्ट मीटर लगाने में लापरवाही, खुले केबल से उपभोक्ता भयभीत

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत विभाग के ठेकेदारों द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान की जा रही लापरवाही से नगर के विद्युत उपभोक्ता भयभीत हैं। नगर पंचायत क्षेत्र में कई स्थानों पर मीटर तो लगा दिए गए हैं, लेकिन केबल को खम्भे से सुरक्षित रूप से जोड़े बिना ही छोड़ दिया गया है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्बाध विद्युत आपूर्ति और उपभोक्ताओं को घर बैठे समस्याओं से राहत देने के उद्देश्य से विशेष विद्युत उपकेंद्रों को “सक्सेस स्टोरी” के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में विद्युत उपखंड फूलपुर अंतर्गत तहसील मुख्यालय सुदनीपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र का चयन किया गया है। इस उपकेंद्र से जुड़े तीनों फीडरों के अंतर्गत आने वाले सभी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं।
सुदनीपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का ठेका जीएमआर नामक कार्यदायी संस्था को मिला है। संस्था द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र में मीटर लगाए जा रहे हैं। नियम के अनुसार आर्मर्ड केबल को खम्भे से जोड़कर सुरक्षित कनेक्शन दिया जाना चाहिए, लेकिन आरोप है कि मीटर लगाने के बाद कई स्थानों पर पुराने केबल से ही कनेक्शन दे दिया गया है और नई केबल को जमीन पर खुला छोड़ दिया गया है।
खुले पड़े विद्युत केबल से नगरवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों को आशंका है कि कहीं कोई राहगीर या बच्चा विद्युत की चपेट में न आ जाए। इस संबंध में नगरवासी भोला यादव, चंदन गुप्ता, पवन कुमार, मनोज मोदनवाल, अभय सिंह, लालू, मुन्ना मोदनवाल, अवनीत सिंह, अनिल प्रजापति सहित अन्य लोगों ने विद्युत अधिकारियों से केबल को खम्भे से सुरक्षित रूप से जुड़वाने की मांग की है।
इस मामले में अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड फूलपुर, हरीश प्रजापति ने बताया कि संबंधित संस्था को तत्काल पत्र लिखकर सभी केबल खम्भे से जोड़ने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को केवल मीटर लगाने की अनुमति देनी है, मीटर से संबंधित समस्त केबल और कनेक्शन ठेकेदार द्वारा निःशुल्क लगाए जाएंगे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *