आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर के डीएवी कॉलेज के न्यू सेमिनार हाल में सोमवार को 99 यूपी बटालियन एनसीसी कैडेटों ने कमान अधिकारी के निर्देश के क्रम में समारोहपूर्वक 78वां एनसीसी दिवस मनाया।
प्राचार्य प्रो.प्रेम चंद्र यादव के निर्देशानुसार वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ.राकेश यादव एवं सहयुक्त एनसीसी अधिकारी डॉ.पंकज सिंह ने कैडेटों के मोटीवेशनल स्पीच और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की। इस अवसर पर डॉ.अमित कुमार सिंह, डॉ.सुरेंद्र यादव, डॉ.नवनीत तिवारी, डॉ.शैलेन्द्र यादव ने भी अपने उद्बोधन से कैडेटों को प्रोत्साहित किया।
ले. डॉ.पंकज सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए 99 यूपी बटालियन के संदेश को स्पष्ट करते हुए कहा कि विश्व के सबसे बड़े युवा वर्दीधारी संगठन एनसीसी ने भारतीय सेना को सदैव उच्च प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराकर राष्ट्र के प्रति अपनी संकल्पबद्धता प्रस्तुत की है और एकता तथा अनुशासन के भाव से लबरेज़ एनसीसी के ये युवा भारत राष्ट्र की सच्ची युवा शक्ति के प्रतीक हैं।
प्रभारी प्रोफेसर राकेश यादव और प्रोफेसर अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कैडेटों को एनसीसी दिवस की बधाई देते हुए एनसीसी के पाठ्यक्रम को देश के युवाओं के लिए अनिवार्य करने की मांग की जिससे आदर्श नागरिकों के निर्माण से देश को और भी मजबूत बनाया जा सके।
साक्षी प्रजापति, आराध्या, खुशी आदि ने अपने स्पीच के माध्यम से एनसीसी की महत्ता को उजागर किया। आकांक्षा वर्मा ने प्रेरक गीत की प्रस्तुति दी और माधवी राय ने देशभक्ति गीतों पर अपनी नृत्य प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। आकांक्षा वर्मा और विवेक मौर्या को एनसीसी में उनकी उपलब्धियों के लिए प्राचार्य द्वारा सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर डॉ.अजय सोनकर, मोहम्मद सिरताज़, डॉ.करुणेश सिंह, डॉ.संजय गौड़, डॉ.दुर्गेश सिंह, डॉ.धर्मेन्द्र, डॉ.साहनी, डॉ.दिनेश तिवारी, बटालियन के पीआई स्टाफ़ सहित एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार