लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) उत्तर प्रदेश का 31वां दो दिवसीय राज्य सम्मेलन 28 व 29 मार्च को लालगंज तहसील में संपन्न हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष विराज देवांग तथा पूर्व एआईएसएफ नेता अरविंद राज स्वरूप उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र व पूर्व जेएनयूएसयू जॉइंट सेक्रेटरी साजिद द्वारा संगठन का ध्वजारोहण कर की गई। सम्मेलन का उद्घाटन लखनऊ के पूर्व छात्र नेता हामिद अली ने किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष इम्तियाज वेग, एआईएसएफ की नेत्री शिवानी मौर्य तथा एआईएसएफ आजमगढ़ के पूर्व नेता जितेंद्र हरि पांडे ने संगठन के गौरवपूर्ण इतिहास और छात्र आंदोलन की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। राष्ट्रीय अध्यक्ष विराज देवांग ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में प्रस्तुत शिक्षा बजट अत्यंत कम और निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि कुल बजट का कम से कम 10 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा पर खर्च किया जाना चाहिए। सम्मेलन में 27 सदस्यीय राज्य परिषद का गठन किया गया, जिसमें 13 कार्यकारी सदस्य शामिल हैं। इसके साथ ही नौ सदस्यीय सचिव मंडल का भी चयन किया गया। सर्वसम्मति से मुजम्मिल जाहिद अली को प्रदेश अध्यक्ष तथा सतीश कुमार को प्रदेश सचिव चुना गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह, राष्ट्रीय परिषद सदस्य जितेंद्र आर्या, प्रदेश उपाध्यक्ष सुफियान खान तथा प्रदेश सह सचिव उदयभान सिंह यादव को उनके पदों से विदाई दी गई।
अंत में नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष मुजम्मिल जाहिद अली ने अपने संबोधन में सभी प्रतिनिधियों (डेलीगेट्स) का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया और सम्मेलन के समापन की घोषणा की।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद