उत्तराखंड में दंपति की हत्या, गांव में मचा कोहराम

शेयर करे

मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के नैठी गांव निवासी दंपति उत्तराखंड प्रांत के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में रह रहे थे। बुधवार की रात चाकुओं से गोदकर दंपति की निर्मम हत्या कर दी गई। हमले में एक बुजुर्ग महिला भी गंभीर रूप से घायल हुई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही नैठी गांव में शोक की लहर व्याप्त हो गई। मृत दंपति के परिजन घटना की जानकारी के बाद मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नैठी ग्राम निवासी संजय यादव 32 वर्ष पुत्र झिंगुर यादव उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में रह कर प्राइवेट नौकरी करता था। उसके साथ उसकी पत्नी सोनाली 28 वर्ष, दो बच्चे तथा बुजुर्ग सास भी साथ रहती थी। बुधवार की देर रात अज्ञात हमलावर किसी तरह उनके आवास में घुस गए। हमलावरों ने कमरे में सो रहे संजय यादव, पत्नी सोनाली व सास को चाकुओं से प्रहार कर सभी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। गुरुवार की सुबह पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी हुई, तो वारदात की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत दंपति के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हमले में घायल बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक दंपति के दोनों बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे इसलिए उनकी जान बच गई। मौत की सूचना घर पहुंचते ही गांव में शोक की लहर व्याप्त हो गयी। परिजन उत्तराखंड के लिए रवाना हो गये हैं।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *