लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लालगंज के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज के पौत्र की गुरूवार की देर रात एक सड़क दुर्घटना में मौत से कोहराम मच गया। राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। सांसद के आवास पर शोक संवेदना करने वालों का ताता लग गया। सांसद भी पौत्र की मौत से काफ़ी गमगीन दिखाई दिए। वह भी दिल्ली से घर पहुंच चुके हैं।
लालगंज के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज के 35 वर्षीय पौत्र विपिन सरोज पुत्र स्व. विनोद सरोज किसी कार्यक्रम से पल्हना से बुलेट से अपने घर वापस जा रहे थे। नरसिंहपुर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बुलेट में साइड से टक्कर मार दी और चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। इस टक्कर से विपिन सरोज गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर आनन फ़ानन में उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें आज़मगढ़ अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सांसद के पौत्र की मौत की सूचना पर प्रशासनिक अमला भी पूरी तरह सतर्क हो गया। फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गयी है। बड़ी संख्या लोग सांसद के आवास पर जुट गए। बताया जा रहा है कि मृतक मर्चेंट नेवी में कप्तान थे और छुट्टी पर वह घर आए हुए थे। किस वाहन से उनकी टक्कर हुई है इसके लिए आस पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद