आजमगढ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में शहर से लेकर गांव तक जीवित्पुत्रिका का पावन पर्व बड़े ही धूम-धाम से मनाया गया। इस पर्व पर महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर अपने पुत्र के दीर्घायु होने की कामना की।
शहर व गांवों में जीवित्पुत्रिका पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया मनाया गया। त्योहार को मनाने के लिए सुबह से महिलाओं द्वारा घर की साफ सफाई की जा रही थी। पर्व को देखते हुए सेब व केला की कीमतों में उछाल देखने को मिला। पूजन सामग्री की तैयारी करके महिलाओं ने पूजा स्थल पर पहुंचकर विधि विधान पूर्वक पूजा अर्चना की सभी माताओं ने अपने अपने पुत्रों के दीर्घायु होने की कामना की।
माहुल प्रतिनिधि के अनुसार फूलपुर तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत माहुल सिद्ध पीठ काली चौरा मंदिर पर जीवित्पुत्रिका के पावन पर्व पर माहुल नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र आस्था के रंग में रंगे रहे। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में इस पर्व को श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। माताओं ने कठोर निर्जला व्रत रखकर पुत्रों के दीर्घायु होने की कामना किया। माहुल, गुमकोठी, पूरेमया, पूरा गोविंद, गनवारा, कन्दरा, पाकड़पुर, बरामदपुर सहित क्षेत्र के सभी मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भारी भीड़ रही, देर शाम तक व्रती माताओं ने पूजा अर्चना के बाद जीवित्पुत्रिका की कथा सुनकर पुत्र की दीर्घायु होने की कामना किया। नगर के सिद्धपीठ काली चौरा मंदिर पर व्रती माताओं के पहुंचने का सिलसिला तीन बजे दिन से ही शुरू हो गया। शाम होते ही मंदिर परिसर में भारी भीड़ जुट गई। श्रद्धालु महिलाओं ने पूजा अर्चना शुरू कर दिया। पूजा स्थलों पर निराजल व्रती माताओं के साथ कथा सुनने वालों की भारी भीड़ रही। इस मौके पर व्रती माताओं ने कथा सुनी और पुत्र की लंबी आयु और सुख समृद्धि की कामना की।
रिपोर्ट-श्यामसिंह