शारदीय नवरात्रि के पहले दिन विधि विधान से पूजी गयीं मां शैलपुत्री

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन सोमवार को जनपद में मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने विधि विधान से माता शैलपुत्री की पूजा अर्चना की। घंटे, घड़ियाल और जय माता दी के उद्घोष से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
शहर के चौक स्थित दक्षिणमुखी देवी मंदिर, मातवरगंज स्थित दुर्गा मंदिर, रैदोपुर स्थित दुर्गा मंदिर सहित जनपद के सभी मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ा रहा। श्रद्धालुओं ने माता से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान माहौल अत्यंत भक्तिमय और उल्लासपूर्ण रहा। जगह-जगह पण्डालों में मूर्तियों की स्थापना होने लगी है।
फरिहां संवाददाता के अनुसार शारदीय नवरात्र के पहले दिन सोमवार को माता शैलपुत्री की भव्य पूजा अर्चना के साथ पर्व का शुभारंभ हुआ। फरिहां समेत आसपास के क्षेत्रों में स्थित मंदिरों व पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धा और भक्ति के इस उत्सव में सुबह से ही ‘जय माता दी’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। फरिहा चौक, उम्मा के पूरा, हुसामपुर बड़ागांव, परसहा और फरीदाबाद के मंदिरों व पंडालों में माता रानी की विशेष सजावट की गई थी। सुबह से ही नारियल, फूल-मालाओं और पूजन सामग्रियों की दुकानों पर भीड़ लगनी शुरू हो गई। महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में हाथों में पूजा की थाली लिए माता के दर्शन के लिए कतारों में लगे रहे। पूरे दिन मंदिर परिसरों में भक्तों का आना-जाना लगा रहा। स्थानीय प्रशासन द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार शारदीय नवरात्रि के पहले दिन नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। नगर पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर सहित क्षेत्र के सभी देवी मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। भक्तों ने कलश स्थापना के साथ मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की। बाजारों में मां की प्रतिमाएं, चुनरी और पूजन सामग्री की खूब खरीदारी हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और रौनक का माहौल बन गया। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में सबसे अधिक संख्या महिलाओं और कन्याओं की रही। मंदिरों के आसपास प्रशासन ने विशेष सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था की, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्थानीय निवासी नवनीत जायसवाल ने बताया कि वे वर्षों से मां दुर्गा के उपासक हैं और पूरे नौ दिनों तक दुर्गा मंदिर में सेवा भाव से पूजा-पाठ करते हैं। उन्होंने कहा कि माता रानी का दरबार भव्य सजावट के साथ आलौकिक हो उठा है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन कर प्रसाद ग्रहण करते हैं। जगह-जगह माता के जागरण, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय तहसील क्षेत्र में स्थित भैरो कला गांव में शीतला माता मंदिर में सोमवार को सुबह चार बजे से दोपहर तीन बजे तक भक्तों कि लंबी कतार लगी रही। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है मंदिर परिसर में सैकड़ों माला फूल प्रसाद आदि समानों की दुकानें लगी हुई हैं। इन दुकानों की रखवाली भी कोई नहीं करता है। ज्यादार दुकानें कतार में लगी रहती हैं जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश में होती है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी संख्या में निजामाबाद थाना की पुलिस और पीएसी के जवान लगे हुए हैं। शीतला माता मंदिर पर नवरात्रि में देश के कोने-कोने से लोग अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने पर हलुआ पूड़ी का प्रसाद चढ़ाने आते हैं और अपने बच्चों का मुंडन संस्कार करवाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *