मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। हिंदू धर्म में नवरात्रि के 9 दिन सबसे पवित्र दिनों में गिने जाते हैं। ऐसा माना जाता है कि साल भर में कुल चार नवरात्रि आती हैं। हर साल अश्विन माह मंे शारदीय नवरात्रि धूमधाम से मनाई जाती है। ज्योतिष के ज्ञाता कर्मकांड विशेषज्ञ पंडित गिरजा प्रसाद पाठक ने बताया कि सनातन धर्म में नवरात्रि पर्व का विशेष महत्व है। नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के 9 रूपों की विधि-विधान के साथ पूजा की जाती है। ऐसा माना जाता है कि नवरात्रि के दौरान भगवती पूरे नौ दिन तक धरती पर भक्तों को आशीर्वाद देने लिए आती हैं। उन्होंने बताया कि ‘ब्रह्म’ यानी तप और ‘चारिणी’ यानी आचरण करने वाली (अर्थात मां ब्रह्मचारिणी तप का आचरण करने वाली) आदि स्रोत शक्ति हैं। मां ब्रह्मचारिणी सदैव शांत और संसार से विरक्त होकर तपस्या में लीन रहती हैं। कठोर तप के कारण इनके मुख पर अद्भुत तेज होता है। मां के हाथों में अक्ष माला और कमंडल होता है और इन्हें साक्षात ब्रह्म का स्वरूप माना जाता है। मां ब्रह्मचारिणी की उपासना करने से सहज ही सिद्धि प्राप्त होती है।
रिर्पोअ-अद्याप्रसाद तिवारी