मोदी ने दी गारंटी, अनंत काल तक विकास का गढ़ बना रहेगा आजमगढ़

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आजमगढ़ से 34700 करोड़ की लागत से नागर विमान, रेलवे, जल शक्ति, राष्ट्रीय राजमार्ग, शहरी आवासन, ग्राम्य विकास एवं राज्य क्षेत्र की कुल 782 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास किया।
जिसमें उत्तर प्रदेश के 5 एयरपोर्ट आजमगढ़, श्रावस्ती, मुरादाबाद, चित्रकुट एवं अलीगढ़ एयरपोर्ट तथा चौधरी चरण सिंह इंटनेशनल एयरपोर्ट, लखनऊ के नवीन टर्मिनल का लोकार्पण लागत रू0 3,628 करोड़, महाराजा सुहेल देव राज्य विश्वविद्यालय, आजमगढ़ का लोकार्पण लागत रू0 108 करोड़, रू0 11500 करोड़ की 5 एनएच परियोजनाओ का लोकार्पण, शिलान्यास, प्रधानमंत्री ग्राम संड़क योजना के अन्तर्गत 59 जनपदों में रू0 3700 करोड़ से 744 सड़कों (5342 किमी) का लोकार्पण, 8200 करोड़ की 12 रेल परियोजनाओ का लोकार्पण, शिलान्यास, नमामि गंगे के अन्तर्गत रू. 1114 करोड़ की 3 सीवरेज परियोजनाओं का उद्घाटन एवं लाइट हाउस परियोजना के अन्तर्गत लखनऊ में 1040 फ्लैट, लागत रू0 131 करोड़, क्षेत्रफल 47827 वर्गमीटर, 13 मंजिला, 4 टावर का आजमगढ़ एयरपोर्ट (मन्दुरी) से बटन दबा कर लोकापर्ण किया गया। प्रधानमंत्री ने आजमगढ़ एयरपोर्ट (मन्दुरी) पर स्थापित एक जनपद एक उत्पाद के अन्तर्गत ब्लैकपाटरी व अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रधानमंत्री ने विशाल जनसभा मे उपस्थित आमजन को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज आजमगढ़ का सितारा चमक रहा है। एक जमाना था जब दिल्ली में कार्यक्रम होता था और देश के अन्य राज्य उससे जुड़ते थे। आज आजमगढ़ में कार्यक्रम हो रहा है और देश के हजारों लाखों लोग जुड़े हुए हैं। आज केवल आजमगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की कई विकास परियोजनाओं का यहां से शुभारम्भ हो रहा है। कभी यह आजमगढ़ प्रदेश के सब्से पिछड़े इलाकों में गिना जाता था, आज वही आजमगढ़ विकास का नया अध्याय लिख रहा है। आजमगढ़ के साथ साथ श्रावस्ती, मुरादाबाद, चित्रकूट, अलीगढ़, जबलपुर, ग्वालियर, लखनऊ, पूणे, गोरखपुर, दिल्ली और आदमपुर पर नये टर्मिनल भवन का उद्घाटन हुआ। इनके लिए काफी तेजी से काम हुआ। ग्वालियर मे ंतो 16 महीने में ही एयरपोर्ट बन कर तैयार हुआ। ये सारे एयरपोर्ट सामान्य व्यक्ति की हवाई सेवा को और अधिक सहज बनाएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा, आज देश देख रहा है कि मैंने वर्ष 2019 जो शिलान्यास किया था, वह आज धरातल पर है। मेरी विकास यात्रा का अभियान लगातार चलता रहेगा। एयरपोर्ट, हाईवे व रेलवे से जुड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ पढ़ाई, पानी व पर्यावरण से जुड़े विकास कार्यों को भी नई गति मिली है। इन परियोजनाओं के लिए प्रदेश की जनता को बधाई भी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री को ब्लैक पाटरी के उत्पाद देकर सम्मानित किया गया।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *