निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के भड़सरा खालसा गांव निवासी भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने मंगलवार को दोपहर एक बजे विधान परिषद में उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन द्वारा प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए विद्युत ऊर्जा की खपत, वोल्टेज स्तर और पावर फैक्टर जैसी जानकारी रिकार्ड करने के उद्देश्य से स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाये जाने की प्रक्रिया का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि लगाये जा रहे स्मार्ट प्रीपेड मीटर लोगों की कठिनाई का सबब बन गये है। पावर कारपोरेशन द्वारा प्रदेश में लगभग 30 लाख घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए गये हैं। इन स्मार्ट प्रीपेड मीटरों में से 35 प्रतिशत ही प्रीपेड मोड पर चल रहे हैं। अकेले मध्यांचल विद्युत वितरण निगम में 6.50 लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगे है उनमें से केवल सवा दो लाख मीटर ही प्रीपेड की तरह काम कर रहे हैं, बाकी पोस्ट पेड की तरह काम कर रहे हैं। लगाये गये स्मार्ट प्रीपेड मीटरों में से हजारों से अधिक का डाटा ही फीड नहीं हो पाया है। जिसके कारण समय से बिजली के बिल न मिल सकने की स्थिति हो गयी है जिसके कारण उपभोक्ता पर बिजली बिल का भार बढ़ता जा रहा है जिससे लोगों में आक्रोष व्याप्त हो रहा है।
उन्होंने लोक महत्व के इस तात्कालिक विषय पर सरकार का ध्यान आकृष्ट करते हुए विद्युत उपभोक्ताओं के घरों में लगाये गये स्मार्ट प्रीपेड मीटरों का डाटा फीड़ कराने तथा समय पर विद्युत बिल उपलब्ध कराये जाने की मांग किया।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र