आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनसेवा को सर्वाेपरि मानते हुए शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि राजनीति केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा का सशक्त जरिया भी है। 22 मार्च से 28 मार्च तक अपने आवास बाजबहादुर पर आयोजित सात दिवसीय जनसुनवाई कार्यक्रम में उन्होंने सैकड़ों लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान कराया।
इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से आए लोगों की लंबी कतारें उनके आवास पर लगी रहीं। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की खुलकर मदद की। कार्यक्रम के दौरान कुल 4,45,500 की सहायता राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई, जिससे कई जरूरतमंद परिवारों को तत्काल राहत मिली। विशेष रूप से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह, बच्चों की शिक्षा और जरूरतमंदों के जीवन-यापन के लिए सहयोग प्रदान किया गया। इस पहल ने लोगों के बीच भरोसा और उम्मीद दोनों को मजबूत किया।
एमएलसी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने कहा कि जनता की सेवा करना और उनके दुख-दर्द में साथ खड़ा रहना ही मेरा सबसे बड़ा कर्तव्य है। गरीब और असहाय लोगों की मदद करना मेरे लिए राजनीति नहीं, बल्कि इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार