माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम पांती व मोलनापुर भेदौरा में एक ही रात शरारती तत्वों ने अनुसूचित बस्ती के बगल में सड़क किनारे स्थापित दो अंबेडकर प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। सोमवार की सुबह लोगों को जानकारी हुई तो आक्रोश व्याप्त हो गया। प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू हो गई। गुस्सा और बढ़ता कि उससे पहले ही पुलिस ने कप्तानगंज क्षेत्र से दो नई प्रतिमाओं को मंगवाकर ग्रामीणों को शांत करा दिया।
सुबह प्रतिमा टूटने की जानकारी पर थानाध्यक्ष मनीष पाल, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर किरण पाल सिंह पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन कर रहे भीम आर्मी, बहुजन समाज पार्टी और दलित समाज के लोगों को किसी तरह शांत कराया। उच्चाधिकारियों से वार्ता कर थानाध्यक्ष मनीष पाल ने तुरंत नई मूर्ति लगाने का फैसला किया और कप्तानगंज के तेरही से दो अंबेडकर प्रतिमाओं को मंगाकर लगवाने का कार्य शुरू कराया। इसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हो गया।
इससे पहले सुबह क्षतिग्रस्त प्रतिमा पर नजर पड़ने के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। एक घंटे के अंदर बसपा की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी इंदु चौधरी, भीम आर्मी के लोग भी पहुंच गए। नारेबाजी और प्रदर्शन शुरू हो गया था। बसपा के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय कुमार, सुभाष राम, चंद्रजीत निषाद, मंगलदेव, कमलेश राजभर, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-श्यामसिंह