मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पियरोपुर स्थित मंझरिया गांव के मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने 54 वर्षीय अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान पतिराज यादव 54 वर्ष पुत्र झन्क यादव निवासी पियरोपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पतिराज यादव रोजाना की तरह सोमवार को क्षेत्र से दूध एकत्रित कर अपने दोपहिया वाहन से मुबारकपुर बाजार जा रहे थे। जैसे ही वे मंझरिया मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे, पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मुबारकपुर थानाध्यक्ष शशि मौलि पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, एसओजी प्रभारी राजकुमार सिंह, जहानागंज एवं जीयनपुर कोतवाली थानाध्यक्ष सहित वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित कर प्रयोगशाला भेज दिया है। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे की वजहों की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग एक माह पूर्व मृतक के घर किसी युवती के साथ दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने से संबंधित विवाद हुआ था, जिसे लेकर रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से गहराई से जांच कर रही है। मृतक पतिराज यादव के तीन पुत्र और दो पुत्रियां बताई जा रही हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया जबकि गांव में शोक और भय का माहौल व्याप्त है।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव