माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत निवासी और लालगंज जिले के भाजपा जिला मंत्री दिलीप सिंह पर पुलिस के नाम पर रूपया लेने का आरोप लगा है। नगर पंचायत माहुल के वार्ड नम्बर 8 (अब्दुल कलाम नगर) के सभासद उजैर उर्फ पप्पू ने थानाध्यक्ष अहरौला सुनील कुमार दुबे को शिकायती पत्र दे कर कार्यवाही की मांग की है।
पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में उजैर उर्फ पप्पू ने कहा कि उसकी मोबाइल पर पवई थाना क्षेत्र के नाटी निवासी सोनू पंडित ने फोन किया और कहा कि आप के ऊपर धर्म परिवर्तन कराने का मुकदमा होने जा रहा है। अगर बचना चाहते हो तो दिलीप सिंह से बात कर लो और डेढ़ लाख रूपए का इंतजाम करो। उसके बाद वह दिलीप सिंह के यहां गया और बात किया। उसके बाद इन लोगो ने यह कहा कि थानाध्यक्ष अहरौला से बात हो गई है वे डेढ़ लाख रूपए मांग रहे है। अंजान नंबर पर बात भी कराई और कहा कि जिससे बात हो रही है वे थानाध्यक्ष अहरौला हैं। शिकायती पत्र में उजैर ने यह भी कहा कि 29 जुलाई शाम को 50 हजार और 30 जुलाई की सुबह में एक लाख रूपया दो किस्तों में ले जाकर दिलीप सिंह की स्टूडियो में दिलीप और सोनू को दे दिया। बाद में पता लगा कि इन दोनो ने मेरे साथ ठगी की है। उजैर ने इन दोनो पर कार्यवाही की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अहरौला सुनील दुबे का कहना है कि शिकायती पत्र मिला है जांच के बाद विधिक कार्यवाही की जाएगी।
इनसेट—
आरोप राजनीतिक साजिश: दिलीप सिंह
माहुल (आजमगढ़)। भाजपा लालगंज के जिला मंत्री दिलीप सिंह ने आरोप को एक सिरे से नकारते हुए कहा कि कुछ लोग मेरी बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गए है। ये आरोप उसी राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उजैर एआईएमआईएम के नेताओं के इशारे पर यह कुचक्र रच रहे हैं।
रिपोर्ट-श्यामसिंह