अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय ब्लाक क्षेत्र के एक विद्यालय में चार दिनों से मिड डे मील का भोजन नहीं दिया जा रहा है। शिकायत पर खण्ड शिक्षा अधिकारी ने संबंधित का 15 दिनों का वेतन काटने का निर्देश दिया है।
अतरौलिया क्षेत्र के भरसानी प्राथमिक विद्यालय में 4 दिनों से एमडीएम न मिलने का बच्चों ने आरोप लगाया। विद्यालय में बच्चों को न तो भोजन मिल रहा है और न ही पौष्टिक आहार, जिसके कारण बच्चे घर से भोजन ले जाते हैं। विद्यालय में कुल 90 बच्चों का पंजीयन है जबकि 40 बच्चे विद्यालय में उपस्थित मिले। अध्यापकों का कहना है कि एमडीएम न मिलने के कारण बच्चों की संख्या बहुत कम हो गई है। वहीं विद्यालय में चारो तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। शौचालय का दरवाजा टूटा हुआ है जिसमें गंदगी का अंबार है। विद्यालय की चारदीवारी गिर चुकी है जिसकी वजह से गांव के लोग अंदर जाकर गंदगी फैलाते हैं। विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला नहीं लगा रहता है। विद्यालय में कुल 7 अध्यापक हैं वहीं बच्चों की संख्या बिल्कुल कम है। स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि बच्चे स्कूल से किसी भी समय निकल कर घर पहुंच जाते हैं और पूरे दिन इधर-उधर घूमते रहते हैं इस संबंध में प्रधानाचार्य उमेश चंद्र पांडे ने बताया कि एमडीएम खाते को खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा बंद करा दिया गया है जिसकी वजह से खाते से पैसा नहीं निकल रहा है। बार-बार शिकायत के बाद भी खंड शिक्षा अधिकारी संज्ञान में नहीं ले रहे हैं। वही खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रधानाचार्य की लापरवाही के कारण तथा विद्यालय में अनुपस्थिति के कारण 15 दिनों का वेतन रोका गया है जो खाता है वह एकल खाता है जिसके लिए बार-बार निर्देश दिया गया कि खाते को संयुक्त खाता बनाया जाए लेकिन अभी तक प्रधानाध्यापक द्वारा ऐसा नहीं किया गया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद