मारुती वैन पेड़ से टकराई, दो की मौत, एक गंभीर

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पर नगर पंचायत जहानागंज बाजार क्षेत्र के भुजही मोड़ से थोड़ा आगे रविवार अलसुबह एक मारुति ओमनी वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में वाहन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में मृत लोगों की पहचान शशि सिंह (40 वर्ष), पुत्र रामजन्म सिंह, निवासी ग्राम सेम ऊर, जखनियां (गाजीपुर) और तौफीक (25 वर्ष), पुत्र हाशिम, निवासी दुल्लहपुर के रूप में हुई है। शशि सिंह जखनियां बाजार में प्रिन्सी गारमेंट्स नाम से कपड़ों की दुकान चलाते थे। वे तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और उनके परिवार में पत्नी सुषमा सिंह तथा पुत्र हर्ष सिंह हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी सुषमा सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। तौफीक दुल्लहपुर में कपड़ा और जूता-चप्पल की दुकान चलाते थे। वाहन चालक बुलेट (30 वर्ष), पुत्र हाशिम, निवासी दुल्लहपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची जहानागंज थाना पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होने से हुआ लगता है।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *