आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। एसएससी की कोचिंग कर रही और प्रेमी के साथ लिव इन में रह रही छात्रा की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार खुशबू यादव उम्र 20 वर्ष निवासी देवारा कदीम परमेश्वर का पूरा, थाना महराजगंज बीए द्वितीय वर्ष में अंबेडकर नगर जिले के कालेज में अध्ययनरत थी। शहर के ब्रह्मस्थान क्षेत्र में एक लाज में रहकर पिछले एक वर्ष से एसएससी की कोचिंग कर रही थी। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि उसकी पुत्री के साथ राजू यादव निवासी पीउआ ताल, थाना घोसी, मऊ भी रहता था। पुत्री की मौत पर मां ने कमरे में रह रहे राजू यादव पर गमछे से पुत्री की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर राजू यादव उसकी पुत्री से शारीरिक संबंध बनाता रहा और जब पुत्री ने शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने गला दबाकर हत्या कर दी। वहीं मौके पर जुटे हुए रिश्तेदारों में से मोहित यादव ने बताया कि खुशबू और उसकी छोटी बहन एक ही हास्टल में रहकर पढ़ाई करती थी, लेकिन राजू यादव के रहने की वजह से छोटी बहन कमरा छोड़कर चली गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार की शाम को खुशबू और राजू के बीच झगड़ा हुआ था और शराब के नशे में राजू गला दबाकर खुशबू की हत्या कर दी। इस मामले में एएसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि बीए की छात्रा का शव कमरे के अंदर से मिला था। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फील्ड यूनिट में मौके पर जाकर परीक्षण किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार