चौथे स्तम्भ पर हमला बर्दाश्त नहीं: मनोज सिंह

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला एवं शहर कांग्रेस ने संयुक्त रूप से जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कार्यालय से जुलूस निकाल, नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। केंद्र सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा पत्रकारों को परेशान करने की नीयत से की गयी छापेमारी और उनके मोबाइल लैपटॉप जप्त करने के विरोध में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया।
उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि जबसे बीजेपी सरकार बनी है अपनी नाकामियों को सुनने को तैयार नहीं है। मीडिया जब सरकार के गलत नीतियों पर जनता का ध्यान आकृष्ट कराने का प्रयास करती है तो उसे बदले की भावना से परेशान किया जाता है। केंद्र सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा पत्रकारों को परेशान करने और उनकी आवाज दबाने की नीयत से छापेमारी की कार्यवाही की गयी। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र के चतुर्थ स्तंभ पर हो रहे हमले को बर्दाश्त नहीं कर सकती। सरकार की तानाशाही के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष नजम शमीम ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। कांग्रेस हमेशा मीडिया के स्वतंत्रता की समर्थक रही है। कांग्रेस पार्टी पत्रकारों के सम्मान में उनके साथ खड़ी रहेगी। कांग्रेस प्रवक्ता ओंकार पाण्डेय ने कहा केंद्र और प्रदेश में जबसे बीजेपी की सरकार बनी है तब से लगातार पत्रकारों को परेशान किया जा रहा है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *