अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के लिए गर्व का क्षण तब आया जब अतरौलिया नगर पंचायत निवासी एवं संकल्प मानव सेवा संस्था के अध्यक्ष मनीष सोनी को ताजनगरी आगरा में ‘प्रदेश सेवारत्न 2026’ सम्मान से नवाजा गया। रक्तदान के क्षेत्र में उनकी निस्वार्थ सेवा और 32 बार रक्तदान करने के अद्वितीय संकल्प ने उन्हें यह सम्मान दिलाया।
बीते 22 मार्च को आगरा में संस्था के सातवें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर के सम्मान समारोह एवं विशाल रक्तदान शिविर में यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल एवं कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने मनीष सोनी को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद एसपी सिंह बघेल सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मनीष सोनी ने कहा कि यह उपलब्धि उनकी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि आजमगढ़ के उन सभी रक्तदाताओं की है, जो जरूरत पड़ने पर मानवता की रक्षा के लिए आगे आते हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि रक्त की कमी से किसी भी व्यक्ति की जान न जाए।
मनीष सोनी अब तक 32 बार रक्तदान कर चुके हैं और ‘संकल्प मानव सेवा संस्था’ तथा ‘निफा’ के माध्यम से हजारों युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित कर चुके हैं। उनकी सक्रियता और समर्पण के कारण वे पहले भी कई राष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित हो चुके हैं। आज मनीष सोनी और उनकी टीम न केवल अतरौलिया बल्कि पूरे आजमगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुकी है, जो समाज सेवा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद