बिलरियागंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के भैंसहा गांव जाने वाली मुख्य सड़क की हालत जर्जर हो गई है। यह सड़क महाराजगंज बिकासखंड के शिवनगर बाजार-मंद्रेपुर मार्ग से भैसहा जाने वाली लिंक सड़क है, जो भैसहा और बालमपट्टी दो गांवांे को जोड़ती है। इसकी दूरी लगभग एक किमी है।
सड़क की बदहाली का आलम कुछ इस तरह है कि वाहन तो दूर सड़क पर पैदल चलना भी दुश्वार हो रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदारों की ओर से सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते सड़क अब गड्ढे में तब्दील हो चुकी है और जगह जगह बड़े बड़े गड्ढे बन गए हैं। लोगों के आवागमन में बाधक साबित हो रही है।
जिला पंचायत द्वारा लगभग 15 वर्ष पूर्व लाखों की लागत से बनाई गई, इस सड़क की दशा अब दयनीय हो चुकी है। लोगों की माने तो निर्माण के बाद सड़क की दोबारा मरम्मत नहीं कराई है। इस सड़क से स्कूली बच्चे, सब्जी व्यापारी और स्कूल के दर्जनों वाहनों का आवागमन बना रहता है। ग्रामीणों द्वारा इसकी लिखित शिकायत जिला पंचायत कार्यालय से की गई थी। इसके बावजूद भी सड़क की हालत जर्जर बनी हुई है। जिला पंचायत द्वारा बीते सितम्बर माह सर्वे भी किया गया, जो सिर्फ कागजो में ही सिमट कर रह गया।
गांव के संजीव मिश्रा, पिंटू तिवारी, सन्तोष पटेल, गुड्डू मिश्र, दुर्गा मिश्र, संदीप जायसवाल, डिम्पल शर्मा, जनक मौर्य आदि ने सड़क की मरम्मत कराये जाने की मांग की है।
रिपोर्ट-तारकेश्वर मिश्र