मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का हुआ समापन

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा डीएवी इंटर कालेज के मैदान में लगायी गयी मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का समापन शुक्रवार को संयुक्त विकास आयुक्त, आजमगढ़ मंडल धर्मेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यापर्ण कर किया गया।
यह प्रदर्शनी 20 दिसम्बर से तीन जनवरी तक आयोजित की गयी थी। विभिन्न जनपदों की खादी संस्थाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिसमें सूती खादी, उनी खादी, रेशमी खादी के कपड़ो के अतिरिक्त रजाई गद्दे, कम्बल, शाल, लेडीज सूट, उनी सदरी, खादी के सिले सिलाये कपड़े, सहारनपुर के फर्नीचर, भदोही का कालीन आदि उपलब्ध था। संयुक्त विकास आयुक्त द्वारा प्रदर्शनी में लगे हुए सभी स्टालों का निरीक्षण किया गया एवं उद्यमियों से उनके उद्योग के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गयीं। प्रदर्शनी में खादी उत्पादों पर विशेष छूट दी गयी। प्रदर्शनी में विभिन्न ग्रामोद्योगी उत्पाद जैसे जड़ी बूटी से निर्मित उत्पाद, आवला उत्पाद, चन्दन से बने फेस पैक, हर्बल उत्पाद, काश्मीरी साल, शूट, सदरी तथा खादी की अच्छी विक्री रही। निजामाबाद की ब्लैक पाटरी से बने मिट्टी के बर्तनों की अच्छी बिक्री हुई। इस प्रदर्शनी अवधि में कुल बिक्री 183.02 लाख की विक्री हुई।
कार्यक्रम में मण्डल स्तरीय खादी ग्रामोद्योगी का पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि द्वारा किया गया, जिसमें जनपद के उद्यमी कनकलता उपाध्याय को प्रथम पुरस्कार एवं जनपद मऊ के रवि प्रकाश यादव को द्वितीय तथा बलिया के उपेन्द्र कुमार यादव को तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 15000, 12000 एवं 10 हजार रुपये नगद तथा प्रशस्ति पत्र एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 15 दिवसीय प्रदर्शनी में बिक्री के आधार पर उद्यमियों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया गया।
समापन अवसर पर संयुक्त आयुक्त उद्योग रंजन चतुर्वेदी, उपायुक्त उद्योग एसएस रावत, सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा विपिन यादव, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी आजमगढ, बलिया एवं मऊ सहित मंडल के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *