पटवध आजमगढ (सृष्टिमीडिया़)। बिलरियागंज थाना अंतर्गत सेठारी गांव में मंडई में अज्ञात कारणों से आग लग गयी। आगलगी में मंडई में बंधी पांच बकरियों की मौत हो गयी जबकि उसमें रखे सारे सामान जल कर नष्ट हो गये।
उक्त गांव निवासी अरविंद पासवान के घर के पीछे एक मंडई बनाई गई थी। जिसमें पांच बकरियां बधीं थी और उसमें एक पलंग, गद्दा, रजाई, कपड़े कुछ बर्तन इत्यादि सब सामान रखे हुए थे। अरविंद ने बताया कि रात में लगभग 10 बजे अचानक आग लग गई और मंडई धू-धू कर जलने लगी। जानकारी होने पर जब तक गांव वाले पहुंचे तब तक मंडई जलकर खाक हो चुकी थी। उसमें बंधी 5 बकरियों में तीन बकरी बच्चा देने वाली थी लगभग 40 से 50 हजार का नुकसान बताया जा रहा है। आग कैसे लगी है इसकी जानकारी नहीं हो पा रही है। मौके पर बकरियों का पोस्टमार्टम करने के लिए परिजनों द्वारा डॉक्टर को सूचित किया गया है और लेखपाल को भी बताया गया है।
रिपोर्ट-बबलू राय