आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद तहसील अंतर्गत अंबरपुर स्थित वृद्धा आश्रम में मंगलवार को सर्वाेदय पब्लिक स्कूल हरबंशपुर के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव ने अपने स्व.पिता बगेदु यादव की 11वीं पुण्यतिथि सेवा भाव के साथ मनाई। स्व. बगेदु यादव का निधन 20 जनवरी 2015 को हुआ था। पिता की पुण्य स्मृति में प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव प्रत्येक वर्ष वृद्धजनों के बीच पहुंचकर उनकी सेवा करते आ रहे हैं।
इसी क्रम में 20 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वृद्धा आश्रम में रह रहे बुजुर्गों को सम्मान पूर्वक भोजन कराया तथा फल व मिठाई का वितरण किया। उन्होंने वृद्धजनों का हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया। राजेंद्र प्रसाद यादव न केवल पुण्यतिथि के अवसर पर, बल्कि वर्ष भर वृद्धा आश्रम के संचालक के संपर्क में रहकर वृद्धजनों की स्थिति की जानकारी लेते रहते हैं और यथासंभव सहयोग भी करते हैं।
प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा, “मेरे पिता स्व. बगेदु यादव ने हमें हमेशा बुजुर्गों का सम्मान और जरूरतमंदों की सेवा करने की सीख दी। उनकी पुण्यतिथि पर वृद्धजनों के बीच आकर सेवा करना मुझे आत्मिक शांति देता है। जब तक सामर्थ्य रहेगा, मैं इसी तरह वृद्धजनों के सुख-दुख में सहभागी बनता रहूंगा।
इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद यादव, उनके भाई सोनू यादव, सुपुत्र रजनीश यादव, पुत्रवधू अंजलि यादव सहित अन्य परिजन और सहयोगी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार