मुन्नी हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मुन्नी हत्या कांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त की निशानदेही पर सामान आदि बरामद करने के लिए पहुंची पुलिस पर अभियुक्त ने फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा चलायी गयी गोली से अभियुक्त घायल हो गया। उसे इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
सेल्हरापट्टी गांव निवासिनी एक युवती की हत्या के मामले में मृतका की माता इसरावती देवी ने शुक्रवार को अतरौलिया थाने में तहरीर देकर गांव के ही अजय निषाद व हरिकेश निषाद पर अपनी पुत्री की हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को गिरफ्तार भी कर लिया था। पर्याप्त साक्ष्य एवं घटनास्थल की निशानदेही सामान की बरामदगी आदि को लेकर शनिवार की सुबह इंस्पेक्टर अतरौलिया रुद्रभान पांडेय, मुख्य अभियुक्त अजय निषाद को लेकर थाना क्षेत्र के सुखीपुर गांव के सिवान में एक प्राइवेट खंडहर विद्यालय में पहुंचे जहां मुख्य अभियुक्त द्वारा एक तमंचा एवं खून से सना कपड़ा छिपाया गया था। पुलिस द्वारा सामान बरामद करने के पहले ही मुख्य अभियुक्त द्वारा वहां पर रखा तमंचा उठाकर पुलिस पर फायर कर भागने लगा जिसमे अभियुक्त ने 3 फायर झोंका। इसी दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य अभियुक्त के पैर में गोली लगी। घायलावस्था में उसे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। तब तक क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर सिद्धार्थ तोमर, थानाध्यक्ष कप्तानगंज संजय कुमार, चौकी प्रभारी बूढ़नपुर लाल बहादुर बिंद, थानाध्यक्ष अहिरौला, फूलपुर, कंधरापुर भी हमराहियों के साथ घटना स्थल पर पहुंच चुके थे। मुठभेड़ की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंच गई और सभी साक्ष्य इकट्ठा किया। इस संदर्भ में पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने घटना का अनावरण करते हुए बताया कि पूछताछ में मुख्य अभियुक्त अजय निषाद ने बताया कि मृतका किशोरी से 4 माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसे लेकर मृतका बार-बार शादी करने का दबाव बना रही थी। अभियुक्त पहले से ही दो बार शादी कर चुका था और 3 बच्चे भी थे। इसीलिए इसने प्लान बनाया पत्नी बच्चों और ग्राम समाज को देखते हुए किशोरी को रास्ते से हटा देने के लिए किशोरी से मिलने के लिए सेल्हरा पट्टी गांव के सिवान में एक गन्ने के खेत में बुलाया। पहले इसका प्लान था अवैध असलहे से मारने का लेकिन दिन होने की वजह से दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी और शव को उस गन्ने के खेत से निकालकर दूसरे सिवान के गन्ने के खेत में छिपा दिया, जिसके पास से एक अवैध तमंचा, तीन खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना के दौरान अभियुक्त द्वारा पहने कपड़े बरामद किए गए।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *