आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। करतालपुर बायपास के निकट एक निजी होटल के सभागार में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्राथमिक संवर्ग की मंडलीय समीक्षा बैठक का आयोजन मंगलवार को किया गया। आजमगढ़ मंडल के तीनों जनपदों के पदाधिकारियोंको संबोधित करते हुए महासंघ के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश के संगठन मंत्री महेंद्र कुमार ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ ही संस्कार से जोड़ने की पहल करने की जरूरत है। आगामी दिनों में महासंघ इसी कार्यवृत्ति पर कार्य करेगा। उन्होंने शिक्षकों से संवाद स्थापित किया, उनकी बातें सुनी तथा आश्वासन दिया कि महासंघ प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए कटिबद्ध है।
महेंद्र कुमार ने मंडल के तीनों जिलों के समस्त ब्लाकों में स्थित न्याय पंचायत स्तर तक की कार्यकारिणी के गठन पर विशेष जोर दिया। महिला शिक्षकों की महासंघ में सक्रिय भागीदारी और उनकी हिस्सेदारी पर विशेष चर्चा की गई।
दिसंबर माह में अहिल्याबाई होलकर की 300 वीं जन्म शताब्दी समारोह को जन-जन से जोड़ने पर विशेष रूप से चर्चा की गई। शिक्षकों द्वारा उनके समक्ष कई समस्याएं उठाई गई व उसके निस्तारण की रूपरेखा पर संवाद स्थापित किया गया। इसके पूर्व उनके आजमगढ़ पहुंचने पर जिलाध्यक्ष डॉक्टर बजरंग बहादुर सिंह, जिला महामंत्री अनिल कुमार मिश्र द्वारा पुष्प गुच्छ प्रदान कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर बलिया जनपद के संयोजक राजेश कुमार सिंह, मऊ जिलाध्यक्ष रूपेश कुमार पांडेय, महामंत्री अरविंद कुमार आर्य एवं मनोज कुमार सिंह, रासबिहारी यादव, अमित राय, अरविंद सिंह, प्रज्ञा त्रिपाठी, रविंद्र यादव, अमित सिंह, बृजेश राय, धनंजय सिंह, ब्लाक अध्यक्ष अजमतगढ़ प्रमोद कुमार सिंह, अंशु राय, श्यामा प्रताप पांडेय, नरसिंह, पवन चौबे आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल