आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सोमवार को जनपद भर में धूमधाम से मनायी गयी। जनपद वासियों ने दोनों विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। विद्यालयों में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 154वीं जयन्ती के अवसर पर सोमवार को अपर आयुक्त (प्रशासन) केके अवस्थी ने मण्डलायुक्त कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया। उन्होंने महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमन्त्री स्व.लालबहादुर शास्त्री द्वारा देश के प्रति किये गये त्याग बलिदान के साथ ही इन दोनों महान विभूतियों की जिन्दगी के कई प्रेरक पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी स्वयं में एक संस्था हैं, जिन पर आज भी पूरी दुनिया में शोध हो रहा है तथा उनके आदर्शों, उसूलों, जीवन मूल्यों और संघर्षों को आत्मसात करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी दूरदर्शिता के कारण उन्होंने अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी लीडरशिप का लोहा मनवा लिया था।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार