आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन देवी मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर से लेकर गांव तक सभी मंदिरों में भक्तों की भीड़ देखने को मिली। नवरात्र के प्रथम दिन सभी लोगों ने देवी मंदिरों में पहुंच कर पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। शारदीय नवरात्र का प्रथम दिन होने की वजह से मां शैलपुत्री की पूजा विधि विधान से किया गया।
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन सभी देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। चौक स्थित दक्षिण मुखी देवी मंदिर में सुबह से ही दर्शन करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। भक्त दर्शन करने के लिए लाइनों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। भारी भीड़ देखते हुए मंदिर व्यवस्थापक द्वारा व्यापक इंतजाम किये गये थे जिससे की दर्शन करने के लिए भक्तों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों में भी दर्शन करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। भक्तों ने देवी मंदिरों में पहुंचकर पूजा अर्चना की व सुख समृद्धि की कामना की।
निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार निजामाबाद कस्बे में स्थित शीतला माता मंदिर में सोमवार की भोर से ही भक्तों कि लम्बी लाइन लगी हुई थी दर्शन करने के लिए लोग घण्टो इन्जार कर माता के दरबार में पहुंच रहे थे मंदिर प्रांगण में भब्य सजावट की गयी थी सैकड़ो दुकानें मंदिर प्रांगण में लगी हुई थी महिलाओं और पुरुष कि अलग अलग लाइन लगी हुई थी सुरक्षा के लिए उपजिलाधिकारी निजामाबाद रवि कुमार, तहसीलदार राजीव कुमार मंदिर में दर्शन पूजन कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे। सुरक्षा के लिए थाना प्रभारी अपने हमराहियों के साथ चक्रमण कर रहे थे मंदिर प्रांगण में सादे में और वर्दी में महिला सिपाही, कांस्टेबल और उपनिरीक्षक उपस्थित थे नगर पंचायत की तरफ से साफ सफाई की गयी थी जय माता दी के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान था।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार शारदीय नवरात्रि महोत्सव सोमवार से प्रारम्भ हो गया है। हर घर में मां आदिशक्ति की कलश स्थापना के साथ माता की नव दिन की अखण्ड ज्योति जलने लगी है। माता की जयकार से क्षेत्र गूंज उठा। देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ रहे हैं। सड़को पर फलो की दुकानें सजी रही खरीददारों की भीड़ नगर में लगी रही।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार को नवरात्रि के प्रथम दिन मां काली मंदिर तिलखरा पर भक्तों का तांता लगा रहा। जयकारे, घंटे, घड़ियाल, शंख ध्वनि के साथ मां काली की पूजा की गयी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ओम प्रकाश सिंह तिलखरा, पूर्व प्रधान अरुण कुमार सिंह, धनंजय सिंह, प्रधान दिनेशराम, ओंकार सिंह, हरिओम, आदर्श, अजय सिंह, प्रिंश सिंह, बब्बू, सचिन, अनिल कश्यप, भग्गू सिंह आदि उपस्थित थे।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार नगर पंचायत समेत ग्रामीण क्षेत्रों में नवरात्र के पहले दिन पूजा अर्चना के लिए मंदिरों में काफी भीड़ रही जहां लोगों ने मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। वहीं मंदिरों के बाहर फल नारियल चुनरी समेत काफी संख्या में दुकानें लगी रही। नगर पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर में सुबह से ही मंदिर के कपाट खोल दिए गए जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी रही। घंटा घड़ियाल से पूरा वातावरण गुंजायमान होता रहा तथा लोग मां दुर्गा के नौ रूपों का दर्शन किये। मंदिरों में महिलाओं तथा लड़कियों की सबसे अधिक भीड़ दिखाई दी तो वही नगर के दुर्गा मंदिर के बाहर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा।