लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पवित्र श्रावण मास में शिव कथा का शुभारंभ एक मैरेज हॉल में रामभद्राचार्य जी महाराज के शिष्य पंडित कौशल किशोर जी महाराज ने हिन्दू आस्था के केंद्र पवित्र ग्रंथ श्रीराम चरित मानस के पूजन एवं श्री गणेश, मां सरस्वती की वन्दना के साथ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ चीनी मिल संघ लिमिटेड उत्तर प्रदेश के उप सभापति ऋषिकांत राय ने सपत्नीक दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उनके साथ कार्यक्रम के संयोजक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग प्रमुख उमाशंकर मिश्र, पूर्व प्रधानाचार्य ओम प्रकाश सिंह तिलखरा, संजय जायसवाल, मंडल अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, कृष्ण कुमार मोदनवाल, प्रेम आदि उपस्थित थे।
पंडित कौशल किशोर जी महाराज ने कहा कि श्रीराम चरित मानस में तुलसीदास जी ने भगवान भोलेनाथ की आराधना करते हुए कहा है कि आशुतोष तुम अवढ़र दानी, आरति हरहु दीन जनु जानी। भगवान भोलेनाथ शीघ्र प्रसन्न होने वाले हैं और अपने भक्तों को सब कुछ देने वाले हैं। शिव कथा के प्रसंग में ही भारद्वाज ऋषि का वर्णन, प्रयागराज की महिमा आदि का वर्णन किया।
कथावाचक ने अपने मधुर गीतों, प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रोताओं पर अमिट छाप छोड़ी। श्री शिव कथा में भगवान भोलेनाथ के दिगंबर रूप, सती का जन्म, नारद जी द्वारा सती के जीवन के संदर्भ में भविष्यवाणी करना, सती की कठोर प्रतिज्ञा -जन्म कोटि लगि लंगर हमारी, बरऊं सम्भु न त रहउं कुआरी आदि का इतना सुंदर प्रस्तुतीकरण बहुत कम कथावाचक ही कर पाते हैं।
कथावाचक कौशल किशोर जी ने कहा कि पंच दिवसीय श्री शिव जी की कथा 30 जुलाई को प्रारम्भ हुई है। जो प्रतिदिन सायं 7 बजे से रात्रि 10बजे तक चलेगी। कथा का समापन 3 अगस्त को होगा। इसी बीच एक दिन सामूहिक रुद्राभिषेक कार्यक्रम भी आयोजन होगा।
इस अवसर पर आचार्य कृष्ण मुरारी दुबे, भजन गायक निर्भय गाज़ीपुरी, प्रीतेश तिवारी, तबला वादक शिवाजी आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद