लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सोमवार को तहसील लेखपाल संघ भवन के सामने स्थापित शहीद चंद्रजीत यादव लेखपाल की प्रतिमा पर तहसील के लेखपालों द्वारा माल्यार्पण करते हुए उनको भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके त्याग और बलिदान को याद किया गया।
विदित हो कि 1995 को लालगंज तहसील के पूर्वी छोर पर इटैली बाजार के दक्षिण गांगी नदी में भीषण बाढ़ आई हुई थी। स्कूल जाने के लिए बच्चे एक नाव में बैठकर नदी पार कर रहे थे कि भंवर में फंसकर नाव पलट गई थी और बच्चे डूबने लगे थे। लेखपाल का हल्का उसी क्षेत्र में था संयोगवश वह उसी समय बाढ़ की विभीषिका देखने गए हुए थे। बहादुर लेखपाल चंद्रजीत यादव ने डूबते बच्चों को देखकर उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी और किसी तरह 10 बच्चों को उन्होंने बचा लिया लेकिन और बच्चों को बचाने के प्रयास में उनकी मौत हो गई। उनके किए गए कृत्यों को याद करते हुए तहसील के दर्जनों लेखपालों द्वारा उनकी प्रतिमा पर सोमवार को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर लेखपाल संघ के प्रांतीय सदस्य सौरभ उपाध्याय, अध्यक्ष अरविंद यादव, आशुतोष दुबे, अशोक यादव, विनोद यादव, राहुल तोमर, अजीत सिंह सहित दर्जनों लेखपाल उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद आजमी