अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के तहसील बूढ़नपुर क्षेत्र के लहरपार गांव (थाना कप्तानगंज) निवासी वरिष्ठ पत्रकार सोनू श्रीवास्तव को मुंबई में आयोजित ‘प्रांरभ उत्तर दर्शन’ के 55वें वार्षिक समारोह में प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। उनके सम्मानित होने से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
यह समारोह मुंबई उपनगर के घाटकोपर पश्चिम में धूमधाम से आयोजित हुआ, जिसमें हिंदी भाषी समाज के अनेक लोग और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। यह सम्मान आयोजक व भाजपा नेता अखिलेश सिंह के पिता वीरेंद्र बहादुर सिंह की स्मृति में प्रदान किया जाता है।
सोनू श्रीवास्तव डेक्कन क्रॉनिकल ग्रुप के अंग्रेजी अख़बार द एशियन एज से जुड़े हुए हैं और पिछले 14 वर्षों से महाराष्ट्र की राजनीति, प्रशासन और राज्य स्तरीय नीतियों की सक्रिय कवरेज कर रहे हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ट्रांसपोर्ट बीट से की थी, जहां रेलवे और मुंबई की लाइफ़ लाइन बेस्ट बस सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने व्यापक रिपोर्टिंग की।
महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता कृपाशंकर सिंह द्वारा 28 मार्च की शाम उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। ग्रामीणों, परिजनों और शुभचिंतकों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद