आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद को निर्धारित 57 लाख लक्ष्य के सापेक्ष शनिवार को 48 लाख पौधे लगाने का शुभारंभ राज्यमंत्री, खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग, सतीश चंद्र शर्मा ने ग्राम तमौली, विकास खंड पल्हनी, तहसील सदर में पौधारोपण कर किया। उन्हांेने कहा कि धरती माता को तमाम प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ता है, धरती माता हम सभी का लालन-पालन करती है। आज पेड़ों की अंधाधुंध कटाई हो रही है, जिसके कारण सूखा एवं कहीं पर अतिवृष्टि हो रही है।
उन्होंने कहा कि यह सब वन आच्छादन एवं पेड़ों की कमी के कारण ही हो रहा है। उन्होने कहा कि मानव जीवन का आरंभ काल से ही वनों से संबंध है। आज पूरे देश दुनिया में वनों की कमी के कारण पूरी दुनिया को इसकी चिंता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वनों की कमी के कारण सूखा एवं अन्य प्राकृतिक आपदाएं आ रही है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार इस संकट को दूर करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में ऑक्सीजन का महत्व पता चला। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखने के लिए वृक्ष लगाने का कार्य करना होगा। बिना ऑक्सीजन के जीवन संभव नहीं है, इसलिए वृक्षों को लगाना एवं बचाने का कार्य करना होगा। इसलिए प्रदेश सरकार ने पूरे प्रदेश में 35 करोड़ वृक्ष लगाने का संकल्प लिया है।
पौधों को सुरक्षित रखने हेतु बच्चों द्वारा शपथ दिलाई गयी एवं बच्चों को एक-एक पौधा भी दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। स्वागत एवं अभिनंदन डीएफओ जीडी मिश्र ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, एसपी सिटी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जनपद न्यायालय प्रांगण में उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देश पर संजीव शुक्ला, जनपद न्यायाधीश अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद न्यायालय के तत्वाधान में वृक्षारोपण जन उत्सव- 2023 का शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश द्वारा आम का वृक्षारोपण कर किया गया। अपर जिला जज, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धनंजय कुमार ने बताया कि पर्यावरण के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के कुल 450 फलदार व छायादार पौधे जैसे- आम, बरगद, पीपल, जामुन, आवला, नीम, बहेड़ा इत्यादि लगाये गये। इस मौके पर प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड व अन्य सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण, बार एसोसिएशन दीवानी न्यायालय के अध्यक्ष, वन विभाग के अधिकारीगण तथा न्यायालय के समस्त कर्मचारीगण ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार