बंधुआ मजदूरी की शिकायत पर श्रम विभाग की छापेमारी

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के चौफाला स्थित एएस ईंट भट्ठा उद्योग पर बंधुआ मजदूरी की ऑनलाइन शिकायत के बाद शनिवार को श्रम विभाग एवं एएफएसपीए थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान मौके से छत्तीसगढ़ के 12 मजदूर कार्यरत पाए गए।
छत्तीसगढ़ निवासी शिवा सोनी द्वारा ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि ईंट भट्ठे पर मजदूरों से बंधुआ मजदूरी कराई जा रही है। शिकायत के आधार पर श्रम विभाग की टीम, एएचटी टीम प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में ईंट भट्ठे पर पहुंची और जांच की। जांच के दौरान मजदूरों ने बताया कि उन्हें काम के बदले खर्च दिया जाता है और किसी प्रकार से उन्हें बंधक नहीं बनाया गया है। हालांकि मजदूरों ने यह भी बताया कि उनका ठेकेदार यहां से चला गया है, जिस कारण वे अपने घर वापस जाना चाहते हैं।
ईंट भट्ठा संचालक मोहम्मद नजरे आलम ने बताया कि बिलासपुर (छत्तीसगढ़) निवासी ठेकेदार कोमल कुर्रे से लेबर उपलब्ध कराने को लेकर अनुबंध हुआ था। ठेकेदार को करीब 3 लाख 20 हजार रुपये बैंक खाते के माध्यम से व कुछ नगद भुगतान किया गया था, लेकिन ठेकेदार मजदूरों को छोड़कर फरार हो गया है।
इस संबंध में श्रम प्रवर्तन अधिकारी रोहित प्रताप सिंह ने बताया कि ऑनलाइन शिकायत के आधार पर मौके पर जांच की गई, जिसमें किसी भी मजदूर द्वारा बंधुआ मजदूरी की पुष्टि नहीं हुई। शिकायतकर्ता शिवा सोनी एवं ठेकेदार कोमल कुर्रे मौके पर मौजूद नहीं मिले। सभी मजदूरों को उनकी इच्छा अनुसार उनके गृह जनपद भेजने की व्यवस्था की गई। मौके पर ईंट भट्ठा संचालक शाहनवाज आलम की भी प्रतिक्रिया ली गई। श्रम विभाग ने मामले की जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *