लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शनिवार को महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय से संबद्ध कूबा पी.जी. कॉलेज परिसर में अंतरमहाविद्यालयी महिला खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में आजमगढ़ एवं मऊ जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों की महिला टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुरालेखागार विभाग के प्रोफेसर अभिमन्यु यादव ने किया। इस अवसर पर प्रो. अमरजीत, पीआरओ प्रयोगशाला प्रताप सिंह, आर्ट्स फैकल्टी के डीन डॉ. अजय बर्मा (संत गणिनाथ पी.जी. कॉलेज, मोहम्मदाबाद, मऊ) सहित अन्य गणमान्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खेलों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के दौरान कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। फ़ाइनल मैच में कड़े संघर्ष के बाद कूबा पी.जी. कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि संत गणिनाथ पी.जी. कॉलेज, मोहम्मदाबाद (मऊ) की टीम उपविजेता रही। खेल प्रतियोगिता के आयोजन में क्रीड़ा प्रभारी डॉ. स्कोरर पंडेल एवं टीम मैनेजर यशपाल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. राणा प्रताप सिंह द्वारा किया गया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद