बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील परिसर में शनिवार को उत्तर प्रदेश किसान सभा के बैनर तले किसानों ने संगठन के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर को अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं, कृषि संकट, बिजली व्यवस्था और सरकारी भूमि संरक्षण जैसे मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के अनुसार, सुल्तानीपुर ग्राम पंचायत के मेहंदवारा गांव में लगभग 10 मीटर नाली अवरुद्ध है, जबकि शेष नाली बन चुकी है। किसानों ने मांग किया कि अवरुद्ध हिस्से में तत्काल नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि जलनिकासी की समस्या दूर हो सके। किसानों ने सरकार से कृषि ऋण माफ करने की भी मांग उठाई। साथ ही ज्ञापन में गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने तथा गेहूं और धान का समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग की गई है। बिजली व्यवस्था को लेकर भी किसानों ने नाराजगी जताई। ज्ञापन में बिजली बिल माफ करने, बिजली विभाग को सरकारी नियंत्रण में बनाए रखने तथा इसे निजी कंपनियों के हाथों में न सौंपने की मांग की गई। इसके अलावा स्मार्ट बिजली मीटरों को तत्काल हटाकर पुराने विद्युत मीटर लगाने की बात भी कही गई है। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि तहसील दिवस, थाना दिवस, समाधान दिवस और जनसुनवाई में दिए जाने वाले प्रार्थना-पत्रों पर अधिकारियों द्वारा समयबद्ध और प्रभावी सुनवाई की जाए। किसानों ने कहा कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान करें। धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से इम्तियाज बेग, गुलाब मौर्य, रामनेत, जियालाल, वसीर सहित अनेक लोग शामिल रहे।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह