महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत में खाटू श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गयी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा नगर श्याम बाबा के जयकारों से गूंज उठा। भक्त हाथों में निशान लिए, ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरे। रास्ते भर पुष्प वर्षा और भक्तिमय माहौल ने यात्रा को और भी भव्य बना दिया।
निशान यात्रा के दौरान श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। जगह-जगह नगरवासियों द्वारा यात्रा का स्वागत किया गया। आयोजकों ने जहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए थे, तो वहीं स्थानीय पुलिस बल यात्रा के साथ-साथ चल रही थी जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
आयोजक समिति ने बताया कि निशान यात्रा के बाद नगर में भव्य जगराते का आयोजन किया जाएगा। जगराते में प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा खाटू श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में बाबा की झांकी, फूलों की सजावट और विशेष आरती आकर्षण का केंद्र रहेंगी। समिति ने नगर वासियों से अधिक से अधिक संख्या में जगराते में शामिल होकर धर्मलाभ उठाने की अपील की है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और नगर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा