फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील के अम्बारी स्थित कम्पोजिट विद्यालय में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व.कर्पूरी ठाकुर की 36वीं पुण्यतिथि नेहरू युवा कल्याण केन्द्र के तत्वावधान में मनायी गयी। इस दौरान बच्चों द्वारा रैली निकाली गयी और युवाओं को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सर्व प्रथम लोगों ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व.कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। फ़िल्म पट कथा लेखक इम्तियाज हुसैन ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जन नायक स्व.कर्पूरी ठाकुर ने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बदौलत समाज और देश के उत्थान के लिए कार्य किया था जो आज भी लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत बना हुआ है। डॉ.सुरेश यादव ने कहा कि स्व.कर्पूरी ठाकुर सच्चे समाजसेवी थे। इनके द्वारा चलाये गए आंदोलन से समाज में बड़ा परिवर्तन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा करके स्व.कर्पूरी ठाकुर के अनुनायियों का सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है। पूर्व प्रिंसिपल हरिबंश यादव एवं मेज़वा वेलफेयर सोसायटी के उप प्रबन्धक आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षक, राजनीतिज्ञ तथा बिहार राज्य के दूसरे उपमुख्यमंत्री तथा दो बार मुख्यमंत्री के रूप में सेवा दिया था। उनकी लोकप्रियता के कारण उन्हें जननायक कहा जाता है। इस अवसर पर पूर्व प्रधान राम चन्दर, जितेंद्र यादव, विवेक विश्वकर्मा, जय किशन पाण्डेय, अजरा आज़मी, सुमित्रा, आरती, प्रियंका, साधना, सुनीता, कविता पाठक आदि मौजूद रहीं। प्रधानाध्यापक राजेश यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया। अध्यक्षता डॉ.सुरेश यादव एवं संचालन दिनेश यादव ने किया।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय