आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में शनिवार को शहर लगायत ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम से कान्हा का जन्मोत्सव मनाया गया। घरों से लेकर मंदिरों तक झांकी सजायी गयी थी। देर रात जन्म होते ही घंट घड़ियाल से जनपद गूंज उठा। चारों तरफ जयकारे लगने लगे। तत्पश्चात श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय थाना परिसर में लड्डू गोपाल की तस्वीर रखकर ब्राह्मणों द्वारा थाना प्रभारी हिरेंद्र प्रताप सिंह ने पूजन किया। बड़ागांव शिव मंदिर पर सदानंद मिश्र द्वारा मंदिर परिसर को झालरों और फूल मालाओं से सजाया गया था। शाम से ही भजन संकीर्तन शुरू हुआ और देर रात 12 बजे तक चलता रहा। भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के बाद प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख रानी की सराय विपिन सिंह उपस्थित रहे। महिलाओं ने भी भजन गीत और सोहर गाकर भगवान का जन्मदिन मनाया। रविवार को सुबह दस बजे मूर्तियों का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर दीपक कुमार सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेन्द्र नाथ मिश्र, ओमप्रकाश मिश्र, सदानंद मिश्र, जयंत मिश्र, रंजीत चौहान, जगदम्बा चौहान, मनीष मिश्रा, अंकुर मिश्र, आशीष तिवारी प्रिंस मिश्र, अंबुज मिश्र, अजय मिश्र आदि उपस्थित थे।
पटवध प्रतिनिधि के अनुसार पटवध कौतुक क्षेत्र में बड़े ही धूमधाम के साथ श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया। बिलरियागंज थाना परिसर में थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे को यजमान बनाकर पूजन पाठ किया गया। जैगहां बाजार के शिव मंदिर तथा श्रीनगर सियरहां स्थित राधा कृष्ण शिव मंदिर पर धूमधाम के साथ जन्माष्टमी का त्योहार मनाया गया। मंदिर परिसर को झालरों और फूल मालाओं से सजाया गया था। उसी कड़ी में पटवध कौतुक शिव मंदिर तथा पटवध सरैया बाजार में दुक्खी मौर्य द्वारा बाजार स्थित दुकान पर भजन संकीर्तन हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के बाद प्रसाद वितरित किया गया।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र/बबलू राय