लम्बे संघर्षों के बाद मिली आजादी: जेएन मौर्य

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान शांती मेमोरियल पब्लिक इंटर कॉलेज एवं न्यू ऑक्सफोर्ड स्कूल, बेरमा विशंभरपुर में 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन हर्षाेल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में किया गया। प्रबंधक जेएन मौर्य द्वारा ध्वजारोहण किया गया। तत्पश्चात राष्ट्रगान गाया गया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रबंधक जेएन मौर्य ने कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। इसे सुरक्षित रखना और देश की एकता-अखंडता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों से अनुशासन, परिश्रम और देशप्रेम को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर योगेंद्र राजभर, राम सेवक यादव, सिद्धार्थ, प्रकाश, सतीश मौर्य, प्रभात मौर्य, चंद्रकला मौर्य, लल्लन यादव, सुभाष, संध्या मौर्य सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में मिर्जापुर देवगांव स्थित मदरसा अरबिया हकीमिया में देवगांव व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल तथा मदरसा प्रबंधक मोहम्मद अकरम ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम के दौरान मदरसा के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, कविताओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने बच्चों को पेंसिल, कटर, कलम सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की। मदरसा प्रबंधक मोहम्मद अकरम ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान, समानता और भाईचारे के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य जावेद आलम, गुलाम सरवर उर्फ बख्शी खान, मनोज जायसवाल, विद्युत चौरसिया, राशिदा बेगम, श्रेया चौरसिया, प्राची विश्वकर्मा, अर्जुन प्रजापति आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में चिउटहरा मिनी स्टेडियम के ग्राउंड पर ध्वजारोहण किया गया, जिसमें जीवन उजाला समिति के पदाधिकारी, सब जूनियर के बच्चे, युवक मंगल दल के खिलाड़ी बच्चे, जीवन उजाला सपोर्टिंग क्लब के खिलाड़ी आदि ने हिस्सा लिया। समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश यादव ने कहा कि एकता बनाए रखने से ही भारत की तरक्की संभव है।
इसके अतिरिक्त बसही इकबालपुर, सलहरा, बनारपुर, देवगांव, लालगंज, गोसाईगंज, निहोरगंज आदि स्थानों पर भी धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाया गया। कटौली कला में मदरसा फखरुल इस्लाम में गणतंत्र दिवस के भव्य समारोह में 11 बच्चों की दस्तार बंदी भी अमल में आई।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *