माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला विकास खण्ड क्षेत्र में वैसे तो खेल मैदान कागजों में ही दर्ज है। कुछ ग्राम सभाओं में ओपन जिम और खेल का मैदान बनाया गया है जिसमें ओरिल, बहेरा, गनवारा, पखनपुर शामिल हैं। विकासखंड के बनरहिया ग्राम सभा फत्तेपुर में युवाओं को खेल से जोड़ने के लिए स्वामी परमहंस आश्रम के पीछे ग्राम सभा की जमीन पर 2019-20 में मनरेगा के वित्तीय वर्ष में खेल मैदान प्रस्तावित हुआ जिसके लिए दो लाख दस हजार का बजट स्वीकृत हुआ। एपीओ राहुल सिंह ने बताया कि खेल मैदान के लिए मनरेगा से दो लाख दस हजार का बजट जारी हुआ था। उस बजट से खेल मैदान बनाने के लिए एक लाख छत्तीस हजार का बजट कच्चे काम के लिए खर्च किया गया। 2021 में पंचायत चुनावों की घोषणा होने पर काम रूक गया। अब उसी जमीन पर जल जीवन मिशन योजना के तहत पानी की टंकी व कन्ट्रोल रूम बनाया जा रहा है।
बनरहिया ग्राम सभा के प्रधान भीम प्रसाद का कहना है कि जहा टंकी बन रही है वह जमीन खेल मैदान के लिए प्रस्तावित थी। हमारे द्वारा बिना कोई लिखित प्रस्ताव दिए ही लेखपाल द्वारा इस जमीन का प्रस्ताव जल जीवन मिशन योजना में टंकी के लिए भेज दिया गया। अब वहां टंकी का निर्माण किया जा रहा है। उस समय गांव के युवाओं ने खेल मैदान बनने पर बहुत ही खुशी जाहिर किया था कि अब गांव में खेल मैदान बन रहा है। लेकिन यह नहीं जानते थे कि उनकी सोच पर पानी फिर जाएगा। खेल मैदान में पानी की टंकी बन जानें से लोग काफी आक्रोश में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर उनको जल मिशन की टंकी लगवाना था तो गांव में और सरकारी भूमि होंगी लेकिन उस पर नही बनवाया गया, जहां खेल मैदान के लिए ग्राम सभा के बजट से वहां पर काफी बड़े-बड़े गड्ढे को मिट्टी से पटवा दिया गया था और खेल मैदान तक जानें के लिए रास्ते पर भी मिट्टी पाट कर बनाए गए थे।
रिपोर्ट-श्यामसिंह